गढ़वा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और दिवंगत स्वर्गीय अभिषेक चंचल की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से रविवार को गढ़वा प्रखंड के कल्याणपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप समाजसेवी एवं लायंस क्लब गढ़वा विशाल के सचिव वेंकटेश नारायण के प्लॉट पर भव्य मेगा ट्री प्लांटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों फलदार, छायादार एवं इमारती पौधों का रोपण कर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब गढ़वा विशाल के अध्यक्ष नंदलाल प्रसाद ने की, जबकि संपूर्ण आयोजन क्लब के सचिव वेंकटेश नारायण के नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ। पौधारोपण अभियान में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, क्लब के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
सभी अतिथियों ने स्वयं पौधारोपण कर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।मौके पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शुभ्रा मजूमदार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति यदि हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण का सपना साकार हो सकता है।
वही पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राहुल वर्मा ने कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे सुंदर माध्यम पौधारोपण है। ऐसे सामाजिक अभियान समाज में सकारात्मक सोच और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।वही लायंस क्लब गढ़वा विशाल के अध्यक्ष नंदलाल प्रसाद ने कहा कि क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा ताकि हरित गढ़वा के निर्माण में क्लब अपनी प्रभावी भूमिका निभा सके।वही क्लब के सचिव वेंकटेश नारायण ने कहा कि स्वर्गीय अभिषेक चंचल की स्मृति में आयोजित यह पौधारोपण अभियान उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह अभियान आने वाले वर्षों में हरियाली और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बन सके।
इस अवसर पर लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शुभ्रा मजूमदार, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राहुल वर्मा तथा एमजेएफ कंचन साहू भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।वही कार्यक्रम में क्लब के सदस्य डॉ. अर्जुन विश्वकर्मा, ग्रीस कमलापुरी, आरोग्य फार्मेसी के प्रोपराइटर दीपक कुमार, सचिव की धर्मपत्नी रेखा देवी, सोनाली कुमारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
