पर्यावरण की रक्षा सबकी जिम्मेवारी : डॉक्टर पातंजली
केसरवानी परिवार ने लगाये फलदार और छायादार पौधे
गढ़वा । केसरवानी परिवार की ओर से शुक्रवार को शहर के ऊंचरी स्थित डॉक्टर अशोक केसरी की चहारदीवारी में विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधे लगाए गए । आम, पीपल, नीम, पपीता, नींबू, अमरुद, मेहंदी सहित विभिन्न प्रकार के पौधारोपण कर भारत की जलवायु संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने का संकल्प लिया गया ।
उक्त मौके पर भाजपा नेता सह आर. पी. एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि भारत की जलवायु पहले से ही गर्म है ऐसे में पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है । पौधारोपण से वातावरण का शुद्धिकरण संभव है । इस तरह के कार्य में हम सभी को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए । उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपने-अपने क्षेत्र में हरियाली लाने के लिए पौधारोपण का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि पौधारोपण के बाद उसके संरक्षण की विशेष आवश्यकता होती है । वह स्वयं समय पर पौधे की संरक्षण के लिए निगरानी करते रहेंगे ताकि पौधे विशाल पेड़ बनाकर फल और छाया दे सकें । उन्होंने कहा कि पेड़ हमें शुद्ध प्राणवायु ऑक्सीजन के साथ फल, फूल और औषधि, इमारती लकड़ियां भी देते हैं । पेड़ वर्षा का पानी जमीन में रोकने के साथ जमीन का जलस्तर बढ़ाने में मदद करते हैं । पर्यावरण की रक्षा हम सब की जिम्मेदारी है ।
सुभाष केसरी ने कहा कि पेड़ वातावरण के कार्बन डाइऑक्साइड सोख लेते हैं । इससे वायु प्रदूषण और गर्मी कम होती है । पशु-पक्षियों का प्राकृतिक घर पेड़ ही होता है । वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन का खतरा बढ़ रहा है । ऐसे में हमें अपने जीवन काल में विशेष अवसर जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पुर्वजों की पुण्यतिथि, जयंती सहित अन्य समय पर राष्ट्र के लिए एक-एक पौधारोपण करना चाहिए । सबों ने पौधारोपण करने और उसके संरक्षण का संकल्प लिया । पौधारोपण अभियान को सामाजिक सरोकार और जन भागीदारी से जोड़ने की बात कही।
उक्त मौके पर डॉक्टर अशोक केसरी, प्रवीण कुमार, विजय कुमार केसरी, अनिता दत्त, अशोक प्रसाद, कृष्ण गोपाल आर्य, अजय केसरी, राजेश केसरी, विवेक केसरी, अरविंद केसरी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
