कांडी में मशाल ग्रुप का महाआंदोलन, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों ने उठाई पारदर्शी भर्ती की मांग
भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, नियुक्तियों में देरी व पारदर्शी चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
कांडी (गढ़वा) :कांडी बस स्टैंड परिसर में शुक्रवार को मशाल ग्रुप के बैनर तले जेपीएससी, जेएसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों ने महाआंदोलन कर सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखा। आंदोलन में बड़ी संख्या में युवाओं और अभ्यर्थियों ने भाग लेकर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्ति तथा अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा कांडी मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे एवं हरिहरपुर मंडल के कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया गया। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन एवं नियुक्ति प्रक्रिया में लगातार हो रही अनियमितताओं से हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से लंबित नियुक्तियां, परीक्षा परिणामों में विलंब तथा पारदर्शिता की कमी के कारण अभ्यर्थियों में गहरा असंतोष है। उन्होंने सरकार से सभी लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूरा करने, भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने तथा अभ्यर्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की तो राज्यव्यापी स्तर पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
आंदोलन को सफल बनाने में भाजपा कांडी मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार दुबे, रामलाल दुबे, विनोद उपाध्याय, रामप्रवेश चौधरी, चंद्रमोहन (बीएमपी), सीताराम तिवारी, मंटू गुप्ता, देवराज प्रतापति, रीना सिंह, अरण कुमार सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांडी थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस की निगरानी में पूरा आंदोलन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
