अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बैंकों व धुरकी थाना का किया निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
धुरकी (गढ़वा):
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने सोमवार को धुरकी थाना क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सगमा तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, धुरकी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने बैंक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्डों की तैनाती तथा ग्राहकों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बैंक अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया। इसके उपरांत एसडीपीओ ने धुरकी थाना पहुंचकर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहे।
एसडीपीओ ने पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
