भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी गढ़वा की कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गढ़वा शाखा की कार्यकारिणी समिति की बैठक पुराना समाहरणालय स्थित रेड क्रॉस कार्यालय के कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि मंच का संचालन डॉ. जे. पी. सिंह ने किया।
बैठक में सर्वप्रथम पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि रेड क्रॉस के उद्देश्यों एवं सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सदस्यों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा सक्रिय सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में आगामी 26 जुलाई 2026 को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने तथा 23 अगस्त 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अधिक से अधिक पेट्रन (Patron) सदस्यों को जोड़ने के लिए संभावित नामों पर चर्चा करते हुए आगे की कार्ययोजना तैयार की गई।
समिति ने रेड क्रॉस की एंबुलेंस को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक मरम्मत कराने का भी निर्णय लिया। साथ ही आमजन के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। शिविर की तिथि शीघ्र निर्धारित कर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता, सचिव डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष राम नारायण, उपसचिव नंद कुमार गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य रघुवीर कश्यप, प्रो. उमेश सहाय, मुकेश ठाकुर, डिस्ट्रिक्ट एडमिन अमन गुप्ता, आजीवन सदस्य प्रीतम जायसवाल, ओमप्रकाश चौबे, डॉ. संजय तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के एंबुलेंस चालक सुजीत कुमार उपस्थित रहे। अंत में प्रो. उमेश सहाय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उपरोक्त जानकारी रेडक्रॉस गढ़वा के वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी ने दी।
