वीर अब्दुल हमीद की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, डॉ. पातंजली केशरी ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
गढ़वा। परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद की जयंती के अवसर पर गढ़वा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री एवं राधा पार्वती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. पातंजली केशरी ने वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर देश के महान सपूत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद भारतीय सेना के ऐसे अमर योद्धा थे, जिन्होंने अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अद्भुत राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका शौर्य, त्याग और समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को कर्तव्यपथ पर अग्रसर रहने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारत की गौरवशाली सैन्य परंपरा वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान से ही सशक्त हुई है। ऐसे महान सेनानियों का जीवन हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र की रक्षा और सम्मान के लिए हर परिस्थिति में अपना सर्वस्व समर्पित करने का भाव होना चाहिए। युवाओं को वीर अब्दुल हमीद के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए तथा देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने वीर अब्दुल हमीद के अमर बलिदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उनके आदर्श सदैव समाज और राष्ट्र को नई दिशा देते रहेंगे।
इस अवसर पर आजसू नेता गुप्तेश्वर ठाकुर, अब्दुल मनना, इस्तियाक अंसारी, डॉ. रविंद्र ठाकुर सहित अनेक युवा साथी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
