कस्तूरबा विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर, 210 छात्राओं की हुई जांच; सभी स्वस्थ मिलीं
कांडी (गढ़वा)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांडी में सोमवार को आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 210 छात्राओं सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सभी छात्राएं एवं शिक्षक स्वस्थ पाए गए।
विद्यालय की वार्डन आर. उषा कुमारी के अनुरोध पर प्रत्येक 15 दिनों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की पहल के तहत मझिआंव से पहुंची मेडिकल टीम ने विद्यालय परिसर में शिविर लगाया। टीम में डॉ. विशाल, डॉ. वीर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
चिकित्सकों ने छात्राओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। इस दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से छात्राओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी संभव होगी, जिससे वे बेहतर स्वास्थ्य के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। छात्राओं और शिक्षकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
