झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बरडीहा में 200 छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण Garhwa

झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बरडीहा में 200 छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
 *स्वस्थ जीवन के लिए सही खानपान एवं व्यायाम जरूरी : डॉ कुलदेव*
बरडीहा : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मझिआंव के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद प्रसाद सेठ के आदेशानुसार झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बरडीहा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मेडिकल टीम के द्वारा 200 छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें जांचोपरांत दवा वितरण भी किया गया। साथ ही नेत्र सहायक द्वारा छात्राओं का नेत्र परीक्षण भी किया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलदेव चौधरी ने कहा कि ज्यादातर बच्चे सर्दी-खाँसी, बुखार, सिर दर्द, कान दर्द, खुजली, चर्म रोग, पेट दर्द, उल्टी, दस्त आदि से ग्रसित थे। डॉ चौधरी ने छात्राओं को बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए सही खानपान एवं व्यायाम जरूरी है। किसी कार्य के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। पढ़ाई के साथ साथ साफ सफाई को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि आसपास का वातावरण स्वच्छ हो। स्वच्छ वातावरण रहने से किसी बीमारी होने की संभावना कम होती है। डॉ कुलदेव चौधरी ने जानकारी दी कि किसी बच्चे को सांस फूलना, सांस लेने में कठिनाई, बार बार न्यूमोनिया या छाती में संक्रमण होना, वजन न बढ़ना, शारीरिक कमजोरी, होठ, नाखून या त्वचा का नीला होना, दूध पीते वक्त थकान महसूस होना, दिल की असामान्य या तेज धड़कन जैसी समस्या हो या जाँच में जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित हो तो उसका निःशुल्क जांच एवं ऑपरेशन की व्यवस्था 17, 18, 19 जुलाई को की गई है। इसके लिए डॉ कुलदेव चौधरी से मो. 9955441987 पर सम्पर्क कर सकते हैं। मेडिकल टीम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलदेव चौधरी, डॉ दीपनारायण यादव, नेत्र सहायक सरोज कुमारी, एमटीएस दिलीप गुप्ता, लैब टेक्नीशियन मो. कैफ अंसारी, फार्मासिस्ट संजर अंसारी शामिल थे। मौके पर वार्डन सह शिक्षिका कंचन कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी, शिक्षिका बबीता कुमारी, कुमारी अंशु विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।

Latest News

बिरसा कौशल विकास केंद्र में विश्व युवा कौशल दिवस धूमधाम से मनाया गया। Kandi