18 हजार मतदाताओं पर वोटर लिस्ट से नाम कटने का खतरा, बीडीओ ने जारी की चेतावनी Kandi

दो दिन का अल्टीमेटम: 18 हजार मतदाताओं पर वोटर लिस्ट से नाम कटने का खतरा, बीडीओ ने जारी की चेतावनी
कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अब भी करीब 18 हजार मतदाताओं का गणना फॉर्म डिजिटाइजेशन नहीं हो सका है। इसे गंभीर स्थिति बताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मतदाताओं से अगले दो दिनों के भीतर हर हाल में अपना भरा हुआ गणना फॉर्म बीएलओ तक पहुंचाने की अपील की है।
बीडीओ ने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर गणना फॉर्म बीएलओ तक नहीं पहुंचा तो बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट सकते हैं। ऐसे मतदाता अपने मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित हो जाएंगे तथा भविष्य में नया मतदाता पहचान पत्र बनवाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि कांडी प्रखंड के 77-विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 67,948 मतदाताओं के बीच गणना फॉर्म का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक केवल 74 प्रतिशत फॉर्म का ही डिजिटाइजेशन हो पाया है, जबकि लगभग 18 हजार मतदाताओं के भरे हुए गणना फॉर्म अभी तक बीएलओ तक नहीं पहुंचे हैं।
बीडीओ ने सभी मतदाताओं से अपील की कि जिन्होंने अभी तक गणना फॉर्म नहीं भरा है या भरकर जमा नहीं किया है, वे अगले दो दिनों के भीतर अपना फॉर्म संबंधित बीएलओ को अवश्य सौंप दें, ताकि आवश्यक जांच के बाद उसका डिजिटाइजेशन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को गणना फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी हो रही है तो वे अपने बीएलओ, पंचायत सचिव, पंचायत भवन, संबंधित मुखिया अथवा सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर वे स्वयं प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय से भी मिल सकते हैं। इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर रहीम एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अंजनी से संपर्क कर भी गणना फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है।
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश किसी मतदाता को अब तक गणना फॉर्म नहीं मिला है तो वह तत्काल अपने बीएलओ या प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर लें। वहीं जिन मतदाताओं ने अभी तक फॉर्म जमा नहीं किया है, उनके घर-घर जाकर बीएलओ स्वयं गणना फॉर्म संग्रह करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
उन्होंने सभी मतदाताओं से समय रहते गणना फॉर्म जमा कर लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करने की अपील की।

Latest News

18 हजार मतदाताओं पर वोटर लिस्ट से नाम कटने का खतरा, बीडीओ ने जारी की चेतावनी Kandi