बरडीहा में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, 160 मरीजों का हुआ उपचार
गढ़वा/बरडीहा: बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय, फरठीया द्वारा संचालित वनांचल डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल तथा देवकी महावीर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बरडीहा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया। वनांचल डेंटल कॉलेज के चिकित्सकों ने दांतों से संबंधित विभिन्न रोगों की जांच कर उपचार किया तथा लोगों को दांतों की नियमित देखभाल और मुख स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
वहीं देवकी महावीर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों ने सामान्य एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें उचित दवाइयां उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों ने वर्तमान मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर में करीब 160 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।
इस अवसर पर डॉ. ए.के. सिन्हा (अस्पताल अधीक्षक), डॉ. नंदकिशोर प्रसाद, डॉ. विशाल, डॉ. आदिल अख्तर, डॉ. अमीन परवेज, डॉ. दीपक, डॉ. प्रियंका, डॉ. इरशाद, डॉ. दीप नारायण, डॉ. संतोष, आकांक्षा राय, निकिता रानी एवं रवि राज सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
