गढ़वा: रात 10 बजे मां से हुई बात, सुबह मिली विवाहिता की मौत की खबर Garhwa

गढ़वा: रात 10 बजे मां से हुई बात, सुबह मिली विवाहिता की मौत की खबर, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बुका गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता जीरा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया. 

रात 10 बजे मां से हुई थी बातचीत 
मृतका के परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 10 बजे जीरा देवी ने अपनी मां से मोबाइल फोन पर बात की थी. उस वक्त वह पूरी तरह से स्वस्थ थी और बातचीत में किसी भी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई थी. लेकिन इसके ठीक कुछ घंटों बाद, शनिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसके देवर दिलीप राउत ने फोन कर मायके वालों को सूचना दी कि जीरा देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे श्री बंशीधर नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाद में परिजनों को खबर मिली कि उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया है. जब मायके वाले आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे, तो वहां जीरा देवी मृत पड़ी मिली. 

ससुराल पक्ष ने बताई अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह 
ससुराल पक्ष का कहना है कि जीरा देवी को डेढ़ माह पहले ही प्रसव हुआ था. शुक्रवार की देर शाम नहाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, शरीर में सूजन आ गई और हालत लगातार खराब होने लगी. इसके बाद उसे अनुमंडलीय अस्पताल, श्री बंशीधर नगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. 

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप 
मृतका के पिता अशर्फी यादव और मां आशा देवी (निवासी बुल्का गांव, रमना) का आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या है. उनका कहना है कि वर्ष 2018 में शादी के बाद से ही ससुराल वाले जीरा देवी को प्रताड़ित करते थे. परिजनों ने दावा किया कि जब उन्होंने अस्पताल में शव को देखा, तो जीरा देवी के शरीर पर मारपीट के निशान थे, सिर के बाल उखड़े हुए थे और मुंह से खून निकला हुआ था. इन हालातों को देखते हुए मायके वालों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मृतका का डेढ़ माह का एक बेटा है.

Latest News

बीएलओ के सहयोग के लिए प्रतिनियुक्त नौ वोलेंटियरों पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। Kandi