आसमानी बिजली बनी आफत, वज्रपात से दुधारू गाय की मौत, किसान को हजारों का नुकसान
सगमा (गढ़वा): जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुत्तुर गांव के हरैया टोला में मंगलवार को वज्रपात की घटना ने एक किसान की आजीविका पर गहरा आघात पहुंचाया। आसमानी बिजली गिरने से एक दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
जानकारी के अनुसार हरैया टोला निवासी दिनेश बैठा (पिता- बाबूलाल बैठा) की दुधारू गाय गांव के समीप चर रही थी। मंगलवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ बादलों की गर्जना शुरू हो गई। इसी दौरान हुई तेज वज्रपात की चपेट में गाय आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गाय की मौत से किसान परिवार सदमे में है। परिजनों ने बताया कि मृत गाय की कीमत लगभग 20 हजार रुपये थी तथा वह परिवार के लिए आय का एक महत्वपूर्ण साधन थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार को आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगा है।
पीड़ित किसान दिनेश बैठा ने प्रशासन से उचित मुआवजा एवं राहत सहायता प्रदान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
