एक कलयुगी देवर ने अपनी ही सगी भाभी की निर्मम हत्या कर दी। Kandi

कांडी (गढ़वा)। हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगांव गांव के अकड़हवा टोले (मुसहरवा डेरा) में शुक्रवार की अहले सुबह रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ महज शादी के निमंत्रण पर जाने और न जाने के विवाद को लेकर एक कलयुगी देवर ने अपनी ही सगी भाभी की निर्मम हत्या कर दी। 
बीच-बचाव करने आए अपने 16 वर्षीय मासूम भतीजे पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया। मृतिका की पहचान मिर्जा मुसहर की 45 वर्षीय पत्नी उर्मिला मुसहर के रूप में हुई है। वहीं घायल पुत्र अर्जुन मुसहर गंभीर रूप से जख्मी है। इधर घटना की भनक लगते ही हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी ने त्वरित एक्शन लेते हुए फरार मुख्य आरोपी को महज कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया है।
अहले सुबह न्योता देने पर बढ़ा विवाद, बेर के प्रहार से तोड़ा दम
घटना के संबंध में मृतिका की बहन, जो खुद अपने घर में शादी का कार्ड (निमंत्रण) देने आई थी, ने रोते हुए बताया कि शुक्रवार की सुबह वह परिवार को आमंत्रित करने पहुँची थी। निमंत्रण मिलने के बाद परिवार के सदस्यों में वहां जाने और नहीं जाने को लेकर अचानक बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर नथुनी मुसहर के पुत्र उदय मुसहर ने आव देखा न ताव और पास रखे एक बेहद नुकीले पारंपरिक हथियार (बेर) से अपनी भाभी उर्मिला मुसहर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि उर्मिला ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। मां को बचाने दौड़े पुत्र अर्जुन मुसहर (16 वर्ष) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
ओपी प्रभारी ने दिखाई तत्परता, गाड़ी से घायल को भेजा अस्पताल, आरोपी अरेस्ट
हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना वक्त गंवाए गंभीर रूप से घायल तड़प रहे अर्जुन मुसहर को अपने ही सरकारी वाहन में लादकर इलाज के लिए तत्काल कांडी अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। इसके साथ ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
मामले को लेकर हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी उदय मुसहर को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों को पुलिस खंगाल रही है। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे मुसहरवा डेरा और मझिगांव इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Latest News

एक कलयुगी देवर ने अपनी ही सगी भाभी की निर्मम हत्या कर दी। Kandi