कांडी उच्च विद्यालय के संस्थापक शिक्षक अवध प्रसाद सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
फोटो एक पी: अवध प्रसाद सिंह फ़ाइल फोटो
हरिहरपुर : ओपी क्षेत्र के दारीदाह गांव निवासी सह प्रखंड के प्रतिष्ठित उच्च विद्यालय कांडी के संस्थापक शिक्षकों में शामिल रहे वरिष्ठ शिक्षक अवध प्रसाद सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने दारीदह स्थित अपने आवास पर दोपहर करीब 1 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि वर्ष 1949 ई. में स्थापित कांडी उच्च विद्यालय उस समय क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान था। जपला बक्शी हाई स्कुल को छोड़कर आसपास के दूर-दराज क्षेत्रों में कोई अन्य हाई स्कूल नहीं था। ऐसे समय में विद्यालय की स्थापना और शिक्षा के प्रसार में अवध प्रसाद सिंह जैसे शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्वर्गीय अवध प्रसाद सिंह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र, पुत्रवधू, दो पुत्रियां, दामाद, नाती-नतिनी और पोता-पोती सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से शिक्षा जगत और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
उनके शिष्य रहे एवं बाद में उसी विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्य करने वाले उदय राम, राजीव रंजन, नागेंद्र कुमार ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। एक शिक्षक ने भावुक होकर कहा कि “अवध बाबू के साथ जीवन में मेरा विशेष संयोग रहा। छात्र जीवन में उन्होंने हमें शिक्षा दी और शिक्षक बनने के बाद उसी विद्यालय में उनके मार्गदर्शन और सहयोग से कार्य करने का अवसर मिला। उनका स्नेह और अनुशासन हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।”
क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
