प्रखंड कार्यालय कांडी में आम बागवानी मेला का किया गया आयोजन Kandi

प्रखंड कार्यालय कांडी में आम बागवानी मेला का किया गया आयोजन 
कांडी (गढ़वा) कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को मनरेगा योजना के अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत एकदिवसीय आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व  बीडीओ राकेश सहाय ने किया। मेले में विभिन्न पंचायतों और गांवों से आए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मनरेगा कर्मियों तथा प्रखंड कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए फलदार वृक्षों से प्राप्त फलों को लोगों तक पहुंचाना तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से योजना को अधिक लोकप्रिय बनाना था। इस अवसर पर बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने और उनकी समुचित देखभाल करने की अपील की।
मेले में उपस्थित ग्रामीणों को आम, अमरूद, कटहल, नींबू सहित विभिन्न फलदार एवं बागवानी पौधों के रोपण, रखरखाव, सिंचाई, पौधों की सुरक्षा तथा उत्पादन बढ़ाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने बताया कि पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इस दौरान प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पांडे ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाने और अपने खेतों एवं खाली भूमि पर फलदार पौधे लगाने का आग्रह किया।
वहीं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) कमलेश कुमार ने योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि मनरेगा के माध्यम से पौधारोपण कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे रोजगार सृजन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य भी पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक किसान इस योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बागवानी से संबंधित विभिन्न तकनीकी जानकारियां भी दी गईं। अधिकारियों ने पौधों को पशुओं एवं अन्य नुकसान से बचाने, समय पर खाद एवं पानी उपलब्ध कराने तथा बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने पर जोर दिया।
मौके पर धीरज पांडे, पंचायत सचिव संतोष सिंह, पप्पू सिंह, अमृता पांडे, विनोद शाह, यशवंत कुमार, बाबूलाल शर्मा, राम राजेंद्र राम, प्रवीण पांडे, अंजनी प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, मनरेगा कर्मी, प्रखंडकर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में लोगों ने ऐसे आयोजनों को ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। आम उत्सव सह बागवानी मेले के माध्यम से ग्रामीणों को फलदार वृक्षों के महत्व और बागवानी के प्रति जागरूक करने का सफल प्रयास किया गया।

Latest News

प्रखंड कार्यालय कांडी में आम बागवानी मेला का किया गया आयोजन Kandi