साकेत मिश्रा की रिर्पोट
गढ़वा : जिले के कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने सोमवार को कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता से लेकर आवासीय सुविधाओं तक का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। राकेश सहाय ने विद्यालय के क्लासरूम, छात्रावास, शौचालय, स्नानागार, किचन, पेयजल व्यवस्था और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान रजिस्टर, स्टॉक और उपस्थिति पंजी की भी जांच की गई। उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के स्तर, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, शौचालय की साफ-सफाई और दैनिक दिनचर्या से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
छात्राओं ने अपनी बात खुलकर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के सामने रखी।निरीक्षण के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। शौचालय और स्नानागार की रोजाना सफाई, छात्राओं के लिए 24 घंटे शुद्ध पेयजल, पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रविन्द्र कुमार मेहता और विद्यालय की वार्डन आर. ऊषा भी उपस्थित थीं। वार्डन ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को विद्यालय में संचालित गतिविधियों, नामांकन और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के अंत में राकेश सहाय ने कहा की कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की स्थापना का मूल उद्देश्य ग्रामीण और वंचित वर्ग की छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में बेहतर शिक्षा देना है। इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और कोई भी कमी मिलने पर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया।
