आरएसएस के रांची कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला कायराना और निंदनीय: रामलाला दुबे
कांडी (गढ़वा)।रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर हुए हमले की भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस घटना को राष्ट्रवादी विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द पर सीधा प्रहार बताया है।रामलाला दुबे ने कहा कि मध्य रात्रि में सो रहे संघ के बड़े अधिकारियों और स्वयंसेवकों को पेट्रोल बम से जिंदा जलाने की यह एक बेहद खतरनाक और बड़ी साजिश थी। प्रभु श्री राम की असीम कृपा से यह अनहोनी विफल हो गई और वहां मौजूद सभी अधिकारी व स्वयंसेवक बाल-बाल बच गए। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "जाको राखे साइयां मार सके ना कोई, बाल न बांका कर सके, जो जग बैरी होय।"किसान मोर्चा नेता ने झारखंड राज्य सरकार और स्थानीय जिला प्रशासन से इस बेहद संवेदनशील मामले की उच्च स्तरीय व गंभीर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और अराजकता का कोई स्थान नहीं है। अपराधियों ने जनसेवकों और सनातनियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। मातृ संगठन के पावन मंदिर पर इस तरह का हमला कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन दोषियों को चिह्नित कर अविलंब गिरफ्तार करे और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
