एसडीएम ने डंडा क्षेत्र का किया औचक भ्रमण, विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
गढ़वा. सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को डंडा प्रखंड क्षेत्र का औचक भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था संबंधी विषयों की समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि डंडा प्रखंड के चार गांवों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसी के मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सतर्क एवं सजग रहने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरंतर निगरानी रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलू लोहरा, अंचलाधिकारी सफी आलम, पुलिस निरीक्षक मझिआंव अंचल बृज कुमार, पुलिस निरीक्षक नगर ऊंटारी अंचल जितेंद्र आजाद, थाना प्रभारी डंडा दिलीप कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।
