कांडी (गढ़वा): मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार आगामी मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत कांडी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाताओं की मैपिंग एवं सत्यापन का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत मतदाताओं के नामों का वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मिलान एवं निबंधन संबंधी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
लंबित कार्यों को निपटाने के लिए रविवार को विशेष शिविर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रखंड के सभी 89 बूथों पर नियुक्त बीएलओ, सुपरवाइजर एवं प्रवेक्षक मतदाताओं का सत्यापन कर उनकी मैपिंग सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। हालांकि, अब तक की प्रगति रिपोर्ट से यह साफ हुआ है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं का मैपिंग कार्य अभी भी शेष है। इसी को ध्यान में रखते हुए रविवार को प्रखंड के कुल 89 मतदान केंद्रों पर एक साथ विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं से संबंधित सभी लंबित कार्यों को तुरंत पूरा करना है।
बूथ संख्या-5 पर जमी रही मतदाताओं की कतार
अभियान के तहत राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कांडी स्थित मतदान केंद्र संख्या-5 पर विशेष शिविर का आयोजन हुआ। यहाँ बीएलओ जमशीदा खातून एवं सुपरवाइजर शाहिद अंसारी मुस्तैदी से मतदाताओं की मैपिंग एवं दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य करते नजर आए। शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदाताओं की उपस्थिति रही। जागरूक मतदाताओं ने खुद उपस्थित होकर अपने आवश्यक दस्तावेज जमा किए और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरा कराया। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची में छूटने न पाए।
