श्री बंशीधर नगर उपकारा का हुआ उद्घाटन, अनुमंडल को मिली बड़ी सौगात Garhwa

श्री बंशीधर नगर उपकारा का हुआ उद्घाटन, अनुमंडल को मिली बड़ी सौगात
गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर (पूर्व नाम नगर उंटारी) के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। अनुमंडल क्षेत्र को न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली, जब नवनिर्मित श्री बंशीधर नगर उपकारा (सब-जेल) का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव उपस्थित रहे। उनके साथ पलामू प्रक्षेत्र के आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल, गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, जिला परिषद सदस्य बाला रानी समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि वर्ष 1992 में अनुमंडल के रूप में अस्तित्व में आए श्री बंशीधर नगर में न्यायिक एवं प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास होते रहे हैं। वर्ष 2020 में अनुमंडलीय न्यायालय की स्थापना के बाद अब उपकारा का संचालन शुरू होने से न्यायिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। इससे बंदियों के आवागमन में सुविधा होगी, सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी तथा न्यायिक प्रक्रियाओं के निष्पादन में तेजी आएगी।
स्थानीय लोगों ने उपकारा के उद्घाटन को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसका स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सुविधा न केवल प्रशासनिक ढांचे को सशक्त बनाएगी, बल्कि अनुमंडल क्षेत्र के लोगों को भी प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएगी। उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Latest News

सतबरवा आजीविका संकुल संगठन की वार्षिक आमसभा संपन्न,थाना प्रभारी व सुधा कुमारी ने किया उद्घाटन Palamu