आर्केस्ट्रा के मंच से भड़का बवाल, शादी मंडप बना रणक्षेत्र; बिना दुल्हन लौट गई बरात
केतार। केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के बिगहा टोला में सोमवार रात खुशियों का माहौल अचानक मातम और अफरा-तफरी में बदल गया। शादी समारोह में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। बरातियों और ग्रामीणों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले, जिससे दूल्हे के पिता दशरथ राम, दुल्हन की बहन समेत कई लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे भी तोड़ डाले। बांसडीह गांव निवासी ददई पासवान की पुत्री और पलामू के पाड़ेयपुरा निवासी राजू कुमार की शादी के लिए आई बरात का जयमाला कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ था। लेकिन आर्केस्ट्रा के दौरान हुए विवाद ने पूरे समारोह को तहस-नहस कर दिया। घायल बरातियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया। घटना के बाद विवाह की रस्में नहीं हो सकीं और दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही बरात के साथ लौट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
