मांग पत्र सौंप कर रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अनुमंडलीय अस्पताल में अपग्रेड करने की मांग की Ranchi

 गढ़वा: रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को मांग पत्र सौंप कर रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अनुमंडलीय अस्पताल में अपग्रेड करने की मांग की है।
 इस दौरान डॉ असजद अंसारी ने स्वास्थ्य मंत्री को रंका अनुमंडल की जमीनी हकीकत और भौगोलिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए विभिन्न मुख्य बिंदुओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है। इसक्रम में कहा गया है कि रंका अनुमंडल के अंतर्गत कुल 5 प्रखंड आते हैं। जिसकी कुल आबादी लगभग 3.5 लाख है। गढ़वा जिले का यह क्षेत्र बेहद गरीब, घने जंगलों और पहाड़ों (जैसे सरूअत पहाड़ एवं बूढ़ा पहाड़) से घिरा हुआ आदिवासी बहुल क्षेत्र है। इन दुर्गम इलाकों से मरीजों को जिला मुख्यालय (गढ़वा) ले जाने में पूरा दिन लग जाता है। जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस क्षेत्र में शिक्षा का स्तर काफी नीचे है। 
वहीं जागरूकता की कमी के कारण लोग समय पर सही इलाज नहीं करा पाते हैं। रंका अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले भंडरिया, चिनिया और रमकंडा जैसे प्रखंड बेहद सुदूर और दुर्गम हैं। रंका को प्रशासनिक स्तर पर तो अनुमंडल का दर्जा प्राप्त है। लेकिन यहाँ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अब तक अनुमंडलीय अस्पताल में अपग्रेड नहीं किया गया है। इसके कारण स्थानीय निवासियों को गंभीर बीमारियों और सर्जरी (ऑपरेशन) के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के चक्कर काटने पड़ते हैं। डॉ असजद अंसारी ने कहा कि इस गंभीर समस्या को सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सकारात्मक रुख अपनाया। वहीं उन्होंने कहा कि रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जल्द ही अनुमंडलीय अस्पताल के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। ताकि 3.5 लाख की आबादी को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
 स्वास्थ्य मंत्री ने वर्तमान में रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा दी जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि अपने आगामी गढ़वा दौरे के दौरान वे स्वयं रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।