कांडी में उर्वरक दुकानों की सघन जांच, बीडीओ ने दुकानदारों को दी कड़ी हिदायत Kandi

कांडी में उर्वरक दुकानों की सघन जांच, बीडीओ ने दुकानदारों को दी कड़ी हिदायत
कांडी (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र में खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने और किसानों को सुलभता से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने प्रखंड के विभिन्न उर्वरक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। बीडीओ ने आयुष खाद्य भंडार (प्रोपराइटर अरुण प्रसाद), किसान खाद्य भंडार (प्रोपराइटर शिवकुमार चंद्रवंशी) और सत्यम खाद्य बीज भंडार (प्रोपराइटर नंदलाल प्रसाद) के प्रतिष्ठानों की गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान बीडीओ ने स्वयं वितरण पंजी, स्टॉक रजिस्टर, पीओएस (पौष) मशीन और लाइसेंस से संबंधित कागजातों का बारीकी से मिलान किया। 
जांच के संबंध में जानकारी देते हुए बीडीओ राकेश सहाय ने बताया कि कुछ दुकानों में हल्की अनियमितताएं और कमियां पाई गई हैं। इस पर उन्होंने संबंधित प्रोपराइटरों को कड़ी फटकार लगाते हुए सरकारी नियमावली के अनुसार व्यवसाय करने की सख्त नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीडीओ ने सभी दुकानदारों को कड़ा निर्देश दिया कि वे समय रहते उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के बीच खाद का वितरण केवल सरकार द्वारा निर्धारित मूल्यों पर ही किया जाए। यदि किसी दुकानदार द्वारा अधिक कीमत वसूलने या खाद की जमाखोरी की शिकायत मिली, तो उनका लाइसेंस रद्द करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
निरीक्षण के मौके पर मुख्य रूप से प्रखंड प्रभारी कृषि पदाधिकारी शहीद अंसारी सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Latest News

आदेश की अवहेलना पड़ी भारी, पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय निलंबित Palamu