रफ्तार का कहर: कांडी में पुलिया के नीचे गिरी अनियंत्रित बाइक, चार किशोर गंभीर रूप से घायल
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): मोहम्मदगंज-कांडी मुख्य मार्ग पर विजय सोनी पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
मसीहा बनकर पहुंचे बीडीओ, खुद संभाला मोर्चा
दुर्घटना के वक्त प्रखंड कर्मियों के सरकारी आवास के पास से गुजर रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया। बीडीओ ने तत्काल घटना की सूचना थाना प्रभारी और स्थानीय अस्पताल प्रबंधन को दी। उनकी तत्परता के कारण घायलों को समय रहते मदद मिल सकी।
घायलों में पतरिया के किशोर शामिल
जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान पतरिया ग्राम निवासी चंदन पासवान के 16 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार पासवान उर्फ पलटिना और उसके तीन अन्य रिश्तेदारों के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक अपना संतुलन खो बैठा और सीधे खाई में जा गिरा।
बेहतर इलाज के लिए मझिआंव रेफर
घटनास्थल पर बीडीओ राकेश सहाय ने खुद खड़े होकर सभी घायलों को बचाव दल की मदद से बाहर निकलवाया और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु मझिआंव रेफरल अस्पताल भिजवाया। बीडीओ ने स्वयं घायलों के परिजनों को सूचित किया और ढांढस बंधाया।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने बीडीओ की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की है।
