गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
आज पुलिस अधीक्षक, गढ़वा श्री आशुतोष शेखर (भा0पु0से0) ने गढ़वा थाना अंतर्गत अवस्थित बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय का दौरा किया। पुलिस अधीक्षक महोदय के पहुंचते ही विश्वविद्यालय प्रबंधक के द्वारा गर्मजोशी के साथ आतिथ्य सत्कार कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय के द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए उपस्थित सभी प्रबुद्ध जनों, विश्वविद्यालय के छात्रों एवं अन्य गणमान्य को सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने दोपहिया वाहन चालन के समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करने, कार/चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखने, ड्राइविंग के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन चलाते समय धैर्य और संयम रखने, वाहनों में फर्स्ट ऐड कीट अनिवार्य रूप से रखने सहित कई महत्वपूर्ण जानकारी एवं सुझाव देकर जागरूक किया। अंत में पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि गोल्डन हॉवर में सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति को निकटवर्ती हॉस्पिटल पहुंचाकर गुड सेमेरिटन(नेक इंसान) जरूर बनें। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को सम्मानित किया जाएगा साथ ही यह भरोसा दिया कि ऐसे मददगार लोगों को किसी भी कानूनी पचड़े में नहीं फंसाया जाएगा।
