साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): थाना क्षेत्र के गाड़ाखुर्द गाँव के टोला बनकट में शुक्रवार सुबह आसमानी बिजली का कहर टूटा।
यहाँ वज्रपात की चपेट में आने से भृगु साव की 45 वर्षीया पत्नी सोनमती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब सवा पाँच बजे की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
बकरी बाँधने निकली थी मृतिका
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह तेज कड़क के साथ बारिश हो रही थी। सोनमती देवी घर के पास खूँटे से बँधी अपनी बकरी को सुरक्षित स्थान पर लाने के लिए बाहर निकली थीं। जैसे ही वह बकरी खोलने लगीं, अचानक उन पर तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिर गई। वज्रपात इतना जोरदार था कि सोनमती देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचित किया और परिजनों को ढाँढस बँधाया। इसके बाद शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया है।
रोजी-रोटी के लिए बाहर हैं पति और दो बेटे
इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मृतिका के पति और दो बड़े बेटे घर की माली हालत ठीक करने के लिए बाहर मजदूरी करते हैं। पति भृगु साव फिलहाल कर्नाटक में हैं, जबकि दो बेटे राजस्थान में काम करते हैं। घर पर सिर्फ एक छोटा बेटा मौजूद है। दूर होने के कारण पति का अंतिम संस्कार में शामिल होना मुश्किल है, जबकि राजस्थान से दोनों बेटों के शनिवार तक घर पहुँचने की उम्मीद है।
गाँव में पसरा मातम
बेटों के आने के बाद ही मृतिका का दाह संस्कार किया जाएगा। वर्तमान में घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असमय और दर्दनाक मौत से पूरे बनकट टोला और गाड़ाखुर्द गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की माँग की है।
