कांडी को जाम एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने की पहल तेज, एसडीओ व एसपी से मिले समाजसेवी शशांक शेखर Garhwa

कांडी को जाम एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने की पहल तेज, एसडीओ व एसपी से मिले समाजसेवी शशांक शेखर
साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी प्रखंड मुख्य बाजार में लगातार बढ़ रही जाम एवं अतिक्रमण की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव शशांक शेखर ने गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।मुलाकात के दौरान शशांक शेखर ने कांडी बाजार की गंभीर स्थिति से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कांडी मुख्य बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित दुकानें तथा सड़क पर वाहनों की पार्किंग के कारण प्रतिदिन घंटों जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे आम राहगीरों, मरीजों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं दूर-दराज से आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि एंबुलेंस एवं आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी निकलने में कठिनाई होती है। बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और अतिक्रमण के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर ठोस एवं स्थायी पहल की अत्यंत आवश्यकता है।
शशांक शेखर ने अनुमंडल पदाधिकारी से आग्रह किया कि कांडी बाजार में नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए तथा सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था करने की मांग भी की गई।वहीं पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात के दौरान शशांक शेखर ने आग्रह किया कि कांडी थाना से प्रतिदिन 3 से 4 पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति मुख्य बाजार में की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने एवं जाम की समस्या से निजात दिलाने में प्रशासन को सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि बाजार में पुलिस बल की नियमित मौजूदगी से अवैध पार्किंग, सड़क अतिक्रमण एवं अनियंत्रित भीड़ पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि कांडी बाजार को जल्द ही अतिक्रमण एवं जाम की समस्या से मुक्त कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता की सुविधा एवं सुचारु यातायात प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में शीघ्र पहल की जाएगी।मुलाकात के बाद शशांक शेखर ने कहा कि कांडी को जाम मुक्त एवं अतिक्रमण मुक्त बनाना केवल प्रशासन की ही नहीं बल्कि आम लोगों, दुकानदारों एवं वाहन चालकों की भी जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, तो बाजार की स्थिति में काफी सुधार लाया जा सकता है।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन की कार्रवाई से जल्द ही कांडी बाजार को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी

Latest News

आदेश की अवहेलना पड़ी भारी, पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय निलंबित Palamu