कॉफी विद एसडीएम” में मोबाइल दुकानदारों के साथ सकारात्मक संवाद Garhwa

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट 

कॉफी विद एसडीएम” में मोबाइल दुकानदारों के साथ सकारात्मक संवाद
कार्यक्रम में मोबाइल विक्रेताओं के अलावा मोबाइल रिपेयरिंग टेक्निशियन भी हुए शामिल

मोबाइल फोन व्यवसायी डिजिटल व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग : एसडीएम
गढ़वा। सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा आयोजित साप्ताहिक “कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम के अंतर्गत आज बुधवार को गढवा के दो दर्जन से अधिक मोबाइल विक्रेताओं एवं मोबाइल रिपेयरिंग कार्य से जुड़े व्यवसायियों के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मोबाइल बाजार में पारदर्शिता बढ़ाना, मोबाइल दुकानदारों के हितों की रक्षा के साथ-साथ मोबाइल फोन उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा करना तथा कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस वर्ग के साथ स्थानीय प्रशासन के आपसी सहयोग को बढ़ावा देना रहा।
मोबाइल व्यवसाय अत्यंत जिम्मेदारी भरा कार्य, गंभीरता अपेक्षित
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मोबाइल विक्रेता एवं तकनीशियन डिजिटल  दौर में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्य का प्रभाव समाज के व्यापक हितों से जुड़ा है, इसलिए प्रशासन एवं व्यवसायियों के बीच सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कहा कि यह कार्य अत्यंत जिम्मेदारी भरा है इसलिए छोटी सी लापरवाही से कई बार बड़े जोखिम उत्पन्न हो जाते हैं, अतः सरकार और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप सावधानी और गंभीरता से इस व्यवसाय को करने का सुझाव दिया गया।
आईएमईआई नियमों एवं सतर्कता पर जोर
बैठक में एसडीएम की ओर से निर्देश दिया गया कि मोबाइल की खरीद-बिक्री एवं मरम्मती के दौरान यथासंभव बिल एवं पहचान पत्र का उपयोग किया जाए। विशेष रूप से सेकेंड हैंड मोबाइल के मामलों में आईएमईआई नंबर एवं ग्राहक का विवरण रजिस्टर में अंकित करने तथा समुचित पहचान प्रक्रिया अपनाने पर बल दिया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध मोबाइल के संबंध में स्थानीय प्रशासन को सूचित करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। कहा कि आईएमईआई से संबंधित टैंपरिंग या ऐसी कोई अनियमितता दंडनीय है इसलिए ऐसा काम करने से बचें।

पारदर्शिता एवं उपभोक्ता सुविधा का सुझाव
दुकानों में सेवाओं की पारदर्शिता, रिपेयरिंग कार्य के लिए जॉब कार्ड/रसीद देने तथा ग्राहकों के डाटा (फोटो, वीडियो, मैसेज,चैट  या कॉन्टैक्ट नंबर्स) की गोपनीयता बनाए रखने जैसे नैतिक विषयों पर सकारात्मक सुझाव साझा किए गए, ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास और सुविधा दोनों बढ़ सके।

सीसीटीवी अधिष्ठापन एवं केवाईसी अनुपालन पर बल
मोबाइल दुकानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने तथा आवश्यक अवधि तक फुटेज सुरक्षित रखने की उपयोगिता पर चर्चा की गई। साथ ही सिम कार्ड से संबंधित केवाईसी प्रक्रिया को सावधानीपूर्वक अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

संचार साथी पोर्टल की सी.ई.आई.आर. प्रणाली के प्रति जागरूकता
अनुमंडल पदाधिकारी ने केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) प्रणाली के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह प्रणाली खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करने में सहायक है। दुकानदारों एवं उपभोक्ताओं दोनों को इसके उपयोग के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया। दुकानदार बंधु इस पोर्टल का उपयोग कर साइबर अनियमितताएं एवं संबंधित दुरुपयोगों को रोकने मैं प्रशासन की मदद कर सकते हैं।

लाइसेंस, पंजीकरण एवं ई-वेस्ट प्रबंधन पर चर्चा
बैठक में व्यवसाय से संबंधित ट्रेड लाइसेंस एवं पंजीकरण आदि को अद्यतन रखने का सुझाव दिया गया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कचरा (ई-वेस्ट) प्रबंधन के संदर्भ में यह साझा किया गया कि खराब बैटरी, चार्जर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को अलग सुरक्षित रखा जाए, ई-वेस्ट संग्रह हेतु पृथक बॉक्स एवं रजिस्टर का उपयोग किया जाए तथा अधिकृत रीसाइक्लर के माध्यम से समय-समय पर उसका निस्तारण किया जाए। पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास में सभी की सहभागिता पर बल दिया गया।

 समन्वय एवं त्वरित प्रशासनिक संवाद की पहल
प्रशासन एवं व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप समूह अथवा अन्य माध्यमों से त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था विकसित करने का सुझाव भी सामने आया। कुछ व्यवसायियों ने एसडीएम के समक्ष अपना दर्द बयां किया कि कई बार स्थानीय अधिकारियों द्वारा उन्हें नाहक परेशान किया जाता है इस पर एसडीएम ने सभी मोबाइल व्यवसायियों से कहा कि वे टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी तथा स्थानीय कानूनों के अनुसार पूरी पारदर्शिता रखते हुए काम करें तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। फिर भी यदि कोई उन्हें अनावश्यक या जानबूझकर तंग करे तो वे उन्हें या जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों को इस बारे में सूचना दें दोषी कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सहयोग से बेहतर व्यवस्था की ओर
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन एवं व्यवसायियों के आपसी सहयोग से एक सुरक्षित, पारदर्शी एवं जिम्मेदार मोबाइल बाजार का निर्माण संभव है। सभी प्रतिभागियों ने भी प्रशासन के प्रति सकारात्मक सहयोग और आदेशों के अनुपालन की प्रतिबद्धता दिखाई। 

सहभागिता
इस संवाद कार्यक्रम में मोबाइल व्यवसायियों नित्यानंद शुक्ला, विवेक कुमार कश्यप, धीरज साहू, राकेश कुमार, अरुण कुमार कुशवाहा, श्रेयांश जायसवाल, यश केसरी, अनमोल कश्यप, सौरभ कश्यप, उपेंद्र कुशवाहा, सुगंध प्रजापति, नमित कुमार, आलोक कुमार, सतीश कुमार, पिंटू ,अरुण कुमार विश्वकर्मा, राजूकुमार, धनंजय अग्रवाल, केतन कुमार मल्होत्रा, अंकित कुमार, कुंदन कुमार, सुनील कुमार कुशवाहा, मोहम्मद रजा, अमित कुमार कश्यप, मुकेश अग्रवाल, दिलीप कुमार शर्मा आदि ने अपने विचार रखे।

Latest News

आदेश की अवहेलना पड़ी भारी, पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय निलंबित Palamu