गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
शहरी नदियों के संरक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय
सरस्वती नदी तटीय क्षेत्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण मुक्ति एवं स्वच्छता को लेकर दिए निर्देश
गढ़वा। नदियाँ केवल जलधारा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पर्यावरण और भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। इसी सोच को साकार करने की दिशा में आज शहरी नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से सरस्वती नदी के तटीय क्षेत्र का निरीक्षण उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नदी के तटीय क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए अतिक्रमण की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को नदी को अतिक्रमण मुक्त बनाने हेतु त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी क्षेत्रों का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों को नदी स्वच्छता एवं संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे नदी संरक्षण को केवल सरकारी अभियान न मानें, बल्कि इसे सामाजिक दायित्व एवं जनआंदोलन के रूप में अपनाएँ। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और जीवंत नदियाँ ही सतत विकास की मजबूत आधारशिला हैं।
साथ ही, स्वच्छता अभियान में स्वेच्छा से सहभागी बन रहे जागरूक नागरिकों की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही नदी संरक्षण जैसे अभियानों को स्थायी सफलता मिल सकती है। उनके अनुसार, समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही स्वच्छ एवं संरक्षित नदी तंत्र का निर्माण संभव है।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रशासन द्वारा शहरी नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा सरस्वती नदी को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।
पुलिस हेल्पलाइन नंबर : 112
झार जल टोल फ्री नंबर : 1800-3456-502
झार जल व्हाट्सऐप नंबर : 9470176901
