गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
दिनांक-07.05.2026 को जिले के गढ़वा थाना अंतर्गत मानव तस्करी कर छत्तीसगढ़ राज्य की रहने वाली लगभग 30 नाबालिक लड़कियों को मानव तस्करी हेतु बंधक बनाकर रखने की सूचना पुलिस अधीक्षक, महोदय को प्राप्त हुई।
प्राप्त सूचना के आलोक में घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, महोदय के निर्देश पर सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक जांच हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गढ़वा(श्री नीरज कुमार) के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर जाकर जांच की गई। जांच के क्रम में यह तथ्य प्रकाश में आयी कि लगभग 30 लड़कियां एवं 100 लड़के अलग-अलग मकान में रह रहे हैं। प्राप्त सूचना के अनुसार बंधक बनाकर रखने की अपने परिजनों को सूचना देने वाली लड़की से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसे उसके सहपाठी के द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर बुलाया गया है। आगे पूछताछ के क्रम में बताया गया कि संस्था के लोगों द्वारा रात्रि में कंपनी के नियमानुसार मोबाइल फोन वर्जित होने के कारण मोबाइल फोन को रख लिया गया है, तत्पश्चात् इसी के विरोध में उसके द्वारा अपने परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना दी गई है।
आगे जांच के क्रम में यह पाया गया कि सभी लड़के एवं लड़कियां बालिग हैं और ये सभी लोग नौकरी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जांच के क्रम में संस्था EARTH ENTERPRISES के मालिक बलराम कुमार से इस संदर्भ में पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि RHI NATURE WELLNESS PVT. LTD. कंपनी South Delhi की एक कंपनी है। इसी कंपनी की फ्रेंचाइजी इनके द्वारा लिया गया है एवं उक्त कंपनी का प्रोडक्ट बेचने हेतु लड़के एवं लड़कियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। संस्थान में मौजूद अन्य लड़के एवं लड़कियों से पूछताछ के क्रम में इस प्रकार की कोई घटना नहीं होने की बात बताई गई। प्रकाश में आयी अन्य बिंदुओं पर भी थाना प्रभारी, गढ़वा के द्वारा गहराई से छानबीन की जा रही है। अभी तक के जांच में मानव तस्करी से संबंधित कोई तथ्य प्रकाश में नहीं आयी है।
