गर्मी के दस्तक देते ही पेयजल की समस्या गहराने लगी, प्रखंड प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड Kandi

साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी/गढ़वा: प्रखंड क्षेत्र में गर्मी के दस्तक देते ही पेयजल की समस्या गहराने लगी है। इसे देखते हुए प्रखंड प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
 बीडीओ राकेश सहाय ने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों को खराब पड़े पेयजल स्रोतों को दुरुस्त करने के लिए कड़ा निर्देश जारी किया है।
जनप्रतिनिधियों और जलसहियाओं को निर्देश
बीडीओ ने प्रखंड के सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य और जलसहियाओं से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों, पंचायतों और वार्डों का भ्रमण कर खराब पड़े चापाकल और जलमीनारों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। साथ ही, अविलंब इनकी सूची तैयार कर प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं। यह सूची समय रहते पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को भेजी जाएगी, ताकि मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जा सके।
स्कूलों और आम जनों से भी अपील
प्रशासन ने क्षेत्र के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी निर्देशित किया है कि यदि स्कूल परिसर में चापाकल या जलमीनार खराब है, तो इसकी लिखित सूचना तुरंत प्रखंड कार्यालय में दें। इसके अलावा, आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उनके आस-पास कोई सरकारी चापाकल या जलमीनार मरम्मत के अभाव में बंद पड़ा है, तो उसकी जानकारी सीधे प्रखंड विकास पदाधिकारी को दें।
गर्मी में नहीं होगी पानी की किल्लत
प्रखंड प्रशासन का मुख्य उद्देश्य गर्मी का मौसम चरम पर पहुँचने से पहले सभी खराब पड़े जल स्रोतों को ठीक कराना है, ताकि ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान न होना पड़े। समय पर सूचना मिलने से मरम्मत कार्य में तेजी आएगी और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

Latest News

निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन इस माह डीएवी स्कूल में Garhwa