गढ़वा में जायंट्स ग्रुप ऑफ सहेली ने धूमधाम से मनाया श्रावण महोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गढ़वा: शहर के नवादा मोड़ स्थित बंधन मैरिज हॉल में जायंट्स ग्रुप ऑफ सहेली के तत्वावधान में भव्य 'श्रावण महोत्सव' का सफल आयोजन किया गया। भक्ति, आनंद और सांस्कृतिक गतिविधियों से सजे इस कार्यक्रम में संस्था की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संपूर्ण वातावरण सावन के गीतों और उल्लास से सराबोर रहा।
समारोह का औपचारिक शुभारंभ भक्तिमय माहौल में हुआ। सबसे पहले संस्था की प्रेसिडेंट रीमा स्वरूप के साथ रीना सोनी, गायत्री सोनी, रंजना जायसवाल और सीमा केशरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके तुरंत बाद गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति वंदना सोनी और वर्षा अग्रवाल के द्वारा दी गई, जिससे पूरा हॉल भगवान गणेश की आराधना से गुंजायमान हो उठा।
इसके पश्चात कई तरह के मनोरंजक खेल और रंगारंग डांस परफॉर्मेंस का आयोजन किया गया। संस्था की महिलाओं ने सावन के पारंपरिक और बॉलीवुड गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में सदस्यों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे कार्यक्रम के दौरान कुशल मंच संचालन वंदना सोनी ने किया। उनकी प्रभावी और जीवंत एंकरिंग ने अंत तक दर्शकों को बांधे रखा और कार्यक्रम में ऊर्जा बनाए रखी।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संस्था की कई प्रमुख सदस्यों की सराहनीय उपस्थिति और योगदान रहा। मौके पर माला केशरी, विमला केशरी, प्रियंका केशरी, अंजु केशरी, संध्या केशरी, रीना केशरी, संगीता गुप्ता, मंजू गुप्ता, करुणा केशरी, प्रीति सोनी, ऋतु जायसवाल, नीतू सोनी, सरिता देवी और वर्षा अग्रवाल सहित अनेक महिलाएं मौजूद थीं। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम का आनंद लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस यादगार श्रावण महोत्सव का समापन हुआ।
