साकेत मिश्रा की रिर्पोट
गढ़वा। राजकीय कृत जमा दो उच्च विद्यालय, कांडी की चरमराती व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है।
गढ़वा उपायुक्त के कड़े रुख के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शुक्रवार को एक सनसनीखेज आदेश जारी करते हुए विद्यालय के वर्तमान प्रभारी को पदमुक्त कर दिया है, वहीं गड़बड़ी की शिकायतों के घेरे में आए दो शिक्षकों को सुदूरवर्ती भंडरिया प्रखंड भेज दिया गया है।
नये 'कैप्टन' संभालेंगे कमान
DEO द्वारा जारी पत्रांक 627 (दिनांक 17 अप्रैल 2026) के अनुसार, डंडई के उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय लावाही कला में कार्यरत मलय कुमार सिंह (PGT) को कांडी विद्यालय का नया प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त किया गया है। वर्तमान प्रभारी निरंजन शाह को तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए निर्देश दिया गया है कि वे मलय कुमार सिंह के आते ही विद्यालय का समस्त प्रभार उन्हें सौंप दें।
शिकायत पड़ गई भारी, दो शिक्षक नपे
विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बिगाड़ने और अनुशासनहीनता की मिली शिकायतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है। टीजीटी गणित शिक्षक विद्यासागर विश्वास को उच्च विद्यालय मरदा (भंडरिया) और अंग्रेजी शिक्षक प्रदीप कुमार को उच्च विद्यालय कुरूण (भंडरिया) प्रतिनियोजित कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो इन दोनों शिक्षकों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।
24 फरवरी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई कांडी विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा बीती 24 फरवरी को की गई आधिकारिक शिकायत और गढ़वा उपायुक्त के सख्त निर्देशों के आलोक में की गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल से जिले के शिक्षा महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। DEO ने स्पष्ट किया है कि छात्र हित और विद्यालय की व्यवस्था में कोताही बरतने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
