कांडी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
कांडी (गढ़वा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गढ़वा के तत्वाधान में प्रखंड के कांडी में एक भव्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को कानून की बुनियादी जानकारी देने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पीएलवी रामनरेश मेहता, परशुराम, नवनीत दुबे और कृष्णा यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर के दौरान वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए शिक्षा को सबसे मारक हथियार बताया। इस मौके पर 'शिक्षा ही जीवन का आधार है', 'स्कूल आओ भविष्य बनाओ', 'ना छुट्टी ना बहाना, स्कूल है जाना' और 'हर बच्चा पढ़ेगा, तो देश आगे बढ़ेगा' जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने हेतु प्रेरित किया गया।
मौके पर उपस्थित विद्यालय के प्रिंसिपल सलमान राइन ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में कानून के प्रति समझ विकसित होती है और वे अपने अधिकारों को जान पाते हैं। शिविर में शिक्षक अरबिन्द दुबे, कमलेश चौधरी, अरबिन्द दीक्षित और गोबिंद कुमार दास ने भी अपने विचार रखे।
इस जागरूकता अभियान के दौरान शिक्षकों के साथ-साथ दर्जनों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर समाज को शिक्षित और अपराध मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
