कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में पुलिस ने जगाई जागरूकता की अलख, छात्राओं को सिखाए सुरक्षा के गुर
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी। स्थानीय थाना क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शनिवार को पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कांडी थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक अशफाक आलम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं को वर्तमान समय की चुनौतियों और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मुखर होने की प्रेरणा दी गई।
शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से सतर्क किया। उन्होंने बताया कि अनजाने फोन कॉल या सोशल मीडिया के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कार्यशाला में बाल विवाह, मद्य निषेध और डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि समाज को इन कुरीतियों से मुक्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। इसके साथ ही छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
थाना प्रभारी अशफाक आलम ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पुलिस हमेशा आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है, बस जरूरत है अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की। इस पहल की विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने सराहना की है।
