पोषण पखवाड़ा के तहत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। Kandi

कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को पोषण पखवाड़ा के तहत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
यह प्रशिक्षण बाल विकास परियोजना की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य कुपोषण से निपटने और बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना की सुपरवाइजर राना तबस्सुन ने उपस्थित सेविका-सहायिकाओं को पोषण से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दीं। उन्होंने बताया कि बच्चों को संतुलित एवं पोषक आहार देना बेहद जरूरी है, ताकि कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी समझाया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से भी पौष्टिक आहार तैयार किया जा सकता है। इसके साथ ही बच्चों के नियमित वजन की जांच, टीकाकरण, स्वच्छता और माताओं को जागरूक करने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक चलाया जाएगा, जिसमें चरणबद्ध तरीके से सभी सेविका एवं सहायिकाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस दौरान उन्हें पोषण ट्रैकिंग, घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने और कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके सुधार के उपायों के बारे में भी बताया जा रहा है।
मौके पर सेविका किरण सिंह, मीना देवी, अंजू देवी, अनीता देवी, ललिता देवी, माया देवी, इंद्रलोक देवी, कुंती देवी, नगीना देवी समेत कई अन्य सेविका एवं सहायिकाएं मौजूद थीं। सभी ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में कुपोषण के खिलाफ एक सकारात्मक पहल देखने को मिल रही है, जिससे आने वाले समय में बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Latest News

उपायुक्त ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी विद्यालय,पांकी तथा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण Panki