पुल पर तीन युवकों के साथ मारपीट एवं लूटपाट Garhwa

कांडी। थाना क्षेत्र के सुंडीपुर स्थित कोयल नदी पुल पर तीन युवकों के साथ मारपीट एवं लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 
थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि पीड़ितों के आवेदन के आधार पर जांच के बाद थाना कांड संख्या 33/26 दर्ज कर सुंडीपुर निवासी अजय चौधरी, अमित चौधरी एवं चंदन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित निरंजन कुमार, विवेक प्रकाश एवं कुश कुमार (सभी निवासी कांडी) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वे हैदरनगर (पलामू) से अपने निजी वाहन से कांडी लौट रहे थे। इसी दौरान सुंडीपुर स्थित कोयल नदी पुल पर कुछ लोगों ने पेड़ की डाली लगाकर रास्ता जाम कर रखा था। वाहन रुकते ही आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और गंभीर रूप से घायल कर दिया। निरंजन कुमार ने बताया कि आरोपियों ने उनसे 70 हजार रुपये नगद छीन लिए, जबकि विवेक प्रकाश से सोने की चेन लूट ली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बदमाश उन्हें पुल से नीचे कोयल नदी में फेंकने की धमकी दे रहे थे। पीड़ितों के अनुसार कुछ लोग पंसा पेट्रोल पंप के पास से उनका पीछा भी कर रहे थे।
किसी तरह जान बचाकर कांडी पहुंचे तीनों घायल युवकों के चेहरे एवं माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। मामले में पीड़ितों ने सुंडीपुर निवासी छह नामजद आरोपियों अमित चौधरी, चंदन चौधरी, मुकेश चौधरी, पुरुषोत्तम चौधरी, करण ठाकुर एवं बोली साव सहित 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Latest News

पुल पर तीन युवकों के साथ मारपीट एवं लूटपाट Garhwa