गोवंशीय पशुओं के अवैध व्यापार के संदेह में एसडीएम ने बाजार समिति परिसर में की औचक जांच Garhwa

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट 


गोवंशीय पशुओं के अवैध व्यापार के संदेह में एसडीएम ने बाजार समिति परिसर में की औचक जांच
गढ़वा। सदर एसडीएम संजय कुमार ने बुधवार को कृषि बाजार समिति परिसर में औचक निरीक्षण कर गोवंशीय पशुओं के संभावित अवैध व्यापार की शिकायत की जांच की।
उन्हें जो शिकायतें मिल रही थी, उसके अनुसार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हर बुधवार दोपहर से लेकर देर रात तक गोवंशीय पशुओं को यहां लाया जाता है और गुरुवार को उन्हें किसानों के नाम पर पेशेवर व्यवसायियों को बेच दिया जाता है । इन्हीं शिकायतों की सत्यता परखने के उद्देश्य से एसडीएम ने बुधवार अपरांह में इस परिसर का अचानक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय व्यवसायियों से पूछताछ कर गतिविधियों की जानकारी ली। हालांकि मौके पर किसी प्रकार की अवैध अवैध खरीद-बिक्री प्रथमदृष्टया तो प्रमाणित नहीं हो पायी, फिर भी उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार की किसी भी शिकायत में सत्यता पाई गई तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब वे इस परिसर में नियमित नजर बनाए रखेंगे।
एसडीएम ने बताया कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कल गुरुवार को सभी संबंधित अधिकारियों की उन्होंने बैठक भी  बुलाई है, जिसमें निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर चर्चा की जाएगी।
 उन्होंने अपने निरीक्षण के दौरान बाजार समिति के अधिकारियों और कर्मियों को भी इस दिशा में आवश्यक नजर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बाजार समिति सचिव को ऐसे व्यक्तियों का डेटाबेस बनाने का भी निर्देश दिया जो नियमित रूप से बाजार समिति परिसर में गोवंशीय पशुओं की खरीद बिक्री का व्यवसाय करते हैं।

Latest News

कॉफी विद एसडीएम’ में कृषि छात्रों से हुआ संवाद Garhwa