गढ़वा में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, व्यवसायी रंगे हाथों पकड़ा गया Garhwa

गढ़वा में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, व्यवसायी रंगे हाथों पकड़ा गया

गढ़वा: जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए एक व्यवसायी को रंगे हाथों पकड़ लिया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की दुकान को अगले आदेश तक सील कर दिया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर को अवैध तरीके से 2700 रुपये में बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल लोकेशन और अन्य विवरण जुटाए और महज 10 मिनट के भीतर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ मौके पर पहुंच गए।

जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को बंद करवा दिया। बताया गया कि संबंधित व्यवसायी मेन रोड स्थित विजय कश्यप के मकान में किराए पर किचन पार्ट्स और गैस चूल्हे की दुकान चला रहा था। वहीं, उसी भवन के पीछे बने बेसमेंट में लंबे समय से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा था।

मौके पर एसडीएम ने मकान मालिक और आरोपी व्यवसायी से पूछताछ की तथा उनका लिखित पक्ष भी मांगा। उन्होंने बताया कि इस अवैध नेटवर्क की अन्य कड़ियों और संबंधित गैस एजेंसी की भी जांच की जा रही है। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखने की अनुमति देने के कारण मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उन्होंने सभी कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Latest News

मैं पद पर रहूं या न रहूं, जनहित का कार्य निरंतर करता रहूंगा : मिथिलेश ठाकुर Garhwa