विधायक के प्रयास से बरवाडीह में लगा 63 केबी का नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में हर्ष
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के दुर्गा चौक स्थित विचला टोला बरवाडीह में गुरुवार को बिजली की समस्या का स्थायी समाधान हो गया। विश्रामपुर विधानसभा के लोकप्रिय समाजसेवी परमानंद कुमार एवं विधायक प्रतिनिधि कृष्णा पासवान के अथक प्रयास से विधायक नरेश प्रसाद सिंह द्वारा 63 केबी का नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया।
बता दें कि पिछले कुछ समय से इस टोले में लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समाजसेवी परमानंद कुमार और विधायक प्रतिनिधि कृष्णा पासवान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह से संपर्क किया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया।
ट्रांसफार्मर लगाए जाने के दौरान मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। नया ट्रांसफार्मर चालू होते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ अपनी खुशी का इजहार किया और विधायक सहित समाजसेवी व प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली आने से अब बच्चों की पढ़ाई और खेती-बारी के कार्यों में सुविधा होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित समाजसेवी व जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। मौके पर दर्जनों गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
