एसआईआर को लेकर बीएलए-2 का प्रशिक्षण संपन्न Garhwa

गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट 

एसआईआर को लेकर बीएलए-2 का प्रशिक्षण संपन्न
 
350 से अधिक बीएलए अभिकर्ता हुए शामिल

गढ़वा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को नगर भवन गढ़वा में बीएलए-2 (बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं) के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें 350 से अधिक अभिकर्ताओं को एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के संदर्भ में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी संजय कुमार ने की, जबकि उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया। दोनों सत्रों में बीएलए-2 की भूमिका, उनसे अपेक्षाओं तथा सघन पुनरीक्षण कार्य में उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकता अधिनियम से संबंधित प्रावधानों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाताओं की मैपिंग की प्रक्रिया तथा अब तक की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के महत्वपूर्ण प्रावधानों, निर्वाचक बनने की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्यता, वर्तमान समय में मतदाताओं की विभिन्न श्रेणियों एवं उनसे संबंधित प्रक्रियाओं पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन एवं व्याख्यान के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी संजय कुमार ने सभी बीएलए-2 अभिकर्ताओं से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बन सके।

वहीं उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार ने सरल एवं सहज भाषा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए सभी अभिकर्ताओं को व्यवहारिक रूप से प्रशिक्षित किया। इस दौरान सभी बीएलए अभिकर्ताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों और उनकी शंकाओं का समाधान भी उप निर्वाचन पदाधिकारी ने किया।

कार्यक्रम में सहायक निर्वाचक पदाधिकारी सफ़ी आलम, यशवंत नायक, शुभम बेला टोप्पो सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Latest News

कॉफी विद एसडीएम’ में कृषि छात्रों से हुआ संवाद Garhwa