पांकी थाना परिसर में रामनवमी, ईद एवं सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक हुई सम्पन्न ।
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि, अखाड़ा समिति के सदस्य, सरहुल पूजा समिति के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी द्वारा की गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व-त्योहार हमारी सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं, इसलिए सभी को मिलजुलकर इसे मनाना चाहिए।
बैठक में रामनवमी जुलूस के रूट, समय एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही डीजे एवं लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर भी निर्धारित नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। ईद एवं सरहुल पर्व के मद्देनजर साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजामों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी ललित प्रसाद सिंह ने कहा कि मेला एवं पर्व-स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि खाने-पीने की दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की घटना या दुर्घटना न हो। अस्वच्छ या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस मौके पर पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने कहा कि सभी पर्वों के दौरान सुरक्षा दृष्टि कौन से पुलिस बल की तैनाती संवेदनशील स्थलों पर विशेष रूप से की जाएगी तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वहीं पांकी प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए रही है। सभी समुदाय के लोग मिलकर पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शांति और व्यवस्था बनी रहे।
मध्य जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने कहा कि पर्व-त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम होते हैं। ऐसे अवसरों पर सभी को एकजुट होकर सकारात्मक माहौल बनाए रखना चाहिए। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से भी अपील की कि वे सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। बैठक में पांकी इंस्पेक्टर जीतराम महली, पांकी प्रमुख पंचम प्रसाद, उप प्रमुख अमित चौहान, मध्य जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि चुनमुन पांडे, पांकी पूर्वी मुखिया प्रेम प्रसाद, राजेंद्र पांडे, उपेंद्र गुप्ता, लोकनाथ यादव, प्रमोद कुमार सिंह, मोहन उरांव, राजदेव उरांव, नेहाल अंसारी, शंकर प्रसाद गुप्ता एवं तौकीर आलम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने एक स्वर में कहा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया और प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन किया गया।
रिपोर्ट, धीरेन्द्र पाण्डेय (गुडडू पाण्डेय)
