रांची में भीषण सड़क हादसा: कांडी के युवक की दर्दनाक मौत, मेरौनी गांव में पसरा मातम
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): चैत्र नवरात्र और रामनवमी के उल्लास के बीच कांडी प्रखंड के मेरौनी गांव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के मेरौनी निवासी 37 वर्षीय युवक दिलीप तिवारी की रांची में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम हुई इस घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
हाइवा की चपेट में आने से हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलीप तिवारी रांची में महिंद्रा कंपनी के उत्पादों की सप्लाई का काम करते थे। शुक्रवार की शाम वे रामनवमी का जुलूस देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान रातू रोड ओवरब्रिज से गुजरते समय एक अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों में कोहराम, गांव में शोक
दिलीप की असामयिक मृत्यु के समाचार से पूरे मेरौनी गांव में सन्नाटा पसर गया है। मिलनसार स्वभाव के दिलीप अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। रामनवमी के जुलूस की तैयारी कर रहे ग्रामीणों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का शव रांची से उनके पैतृक गांव मेरौनी लाया जा रहा है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
