शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में आग लग गई, जिससे घर के बाहर रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख Kandi

कांडी/हरिहरपुर। ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत के महुदड़ टोले में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में आग लग गई, जिससे घर के बाहर रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। 
 इस आगजनी में पीड़ित परिवार को लगभग दो लाख का नुकसान हो गया है। इस अगलगी की घटना में शादी के लिए रखा मोटरसाइकिल जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार महुदड़ टोला निवासी कृष्णा यादव उर्फ नन्हक यादव के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें बेकाबू हो गईं और घर के आगे लगे अलबेस्टर शेड में रखा मोटरसाइकिल तथा डीजल इंजन पंप आग की चपेट में आ गए। आग की इस घटना में मोटरसाइकिल और डीजल पंप पूरी तरह जलकर राख हो गए। पीड़ित के पुत्र अशोक यादव ने बताया कि उनकी पुत्री संगीता की शादी तय थी। आगामी 26 अप्रैल को तिलक तथा 30 अप्रैल को विवाह होना है। शादी में उपहार देने के लिए खरीदी गई पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल तथा कृषि कार्य में उपयोग होने वाला डीजल पंप इस आगलगी में नष्ट हो गया, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
 आग लगने की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के बाद घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार इस चिंता में डूबा है कि अब पुत्री की शादी कैसे संपन्न होगी।
घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा एवं सहायता की मांग की है।

Latest News

उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं Garhwa