साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): झारखंड सरकार और जिला प्रशासन के द्वारा घोषित 'ड्राई डे' के आदेशों को ठेंगा दिखाना सुंडीपुर स्थित सरकारी शराब दुकान को भारी पड़ गया। बुधवार को जब पूरे जिले में शराब की बिक्री पर पूर्ण पाबंदी थी, तब सुंडीपुर की इस दुकान में धड़ल्ले से पर्दे के पीछे से बोतलें बेची जा रही थीं। लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी ने शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
*बीडीओ और थाना प्रभारी की 'सर्जिकल स्ट्राइक'*
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांडी बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय एवं थाना प्रभारी असफाक आलम ने त्वरित और संयुक्त कार्रवाई की। बताया जाता है कि थाना प्रभारी असफाक आलम को गुप्त सूचना मिली थी कि सरकारी दुकान होने के बावजूद ड्राई डे के नियमों का उल्लंघन कर अवैध तरीके से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही बिना वक्त गंवाए पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर जा धमकी।
*20 पेटी शराब जब्त, मची खलबली*
छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
*FIR दर्ज, सख्त कार्रवाई की तैयारी*
बीडीओ राकेश सहाय ने स्पष्ट किया कि ड्राई डे के दिन शराब की बिक्री कानूनन अपराध है और सरकारी आदेशों की अवहेलना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी असफाक आलम ने बताया कि इस पूरे मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
झारखंड सरकार के सख्त निर्देश के बावजूद इस तरह की हिमाकत ने प्रशासन को अब और भी चौकन्ना कर दिया है।
