कांडी में रामनवमी को लेकर फ्लैग मार्च, प्रशासन ने दिया शांति का संदेश।
कांडी : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर कांडी प्रखंड क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इस दौरान अंचल अधिकारी राकेश सहाय एवं पुलिस इंस्पेक्टर ब्रिज कुमार के नेतृत्व में कांडी थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च कांडी बाजार सहित विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा बनाए रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर कांडी थाना प्रभारी अशफाक आलम सबइंस्पेक्टर अरविंद सिंह, रॉबिन मिंज, जूली टुडू, तथा एएसआई आशीर्वाद महतो सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और अनुशासित दिखा, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ा।
प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सकारात्मक संदेश गया है, और लोगों ने भी सहयोग का भरोसा दिलाया है।
