प्रशासन की मिलीभगत से कांडी बना बालू माफियाओं का चारागाह, ट्रैक्टर ने ली एक और जान: दुर्गावती देवी
कांडी (गढ़वा): कांडी प्रखंड के बलियारी पंचायत में बालू माफियाओं के कहर ने एक और घर का चिराग बुझा दिया है। बृहस्पतिवार की रात सड़क दुर्घटना में सोनपुरा निवासी कलिता देवी की दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही बलियारी पंचायत की भावी मुखिया प्रत्याशी दुर्गावती देवी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और इस घटना के लिए सीधे तौर पर स्थानीय प्रशासन और बालू माफियाओं के गठबंधन को जिम्मेदार ठहराया। अस्पताल में मीडिया से बात करते हुए दुर्गावती देवी ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा, "हमारा कांडी प्रखंड बालू माफियाओं का अड्डा बन चुका है। दिनदहाड़े बालू की कालाबाजारी हो रही है और अधिकारी हाथ पर हाथ धरे तमाशा देख रहे हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड के आला अधिकारी भ्रष्टाचार में इस कदर संलिप्त हैं कि उन्हें जनता की जान की कोई परवाह नहीं है।
दुर्गावती देवी ने एक गंभीर तथ्य उजागर करते हुए कहा कि क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों में से 90 प्रतिशत के चालक 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे हैं। ट्रैक्टर मालिक चंद पैसे बचाने के चक्कर में नवसिखुआ और नाबालिग लड़कों से गाड़ियां चलवाते हैं, जिनकी लापरवाही का खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर भुगतना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कलिता देवी की मौत पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई मासूम बालू माफियाओं की भेंट चढ़ चुके हैं। अधिकारियों को सब पता है, लेकिन काली कमाई के चक्कर में वे मौन हैं। दुर्गावती देवी ने स्पष्ट किया कि यदि अवैध बालू ढुलाई और नाबालिग चालकों पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया, तो वह पंचायत के हित में प्रखंड कार्यालय का घेराव करने से पीछे नहीं हटेंगी।
