बीडीओ के औचक निरीक्षण से कांडी प्लस टू स्कूल में हड़कंप, अव्यवस्था देख भड़के राकेश सहाय
साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा): राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय, कांडी की लचर व्यवस्था और शैक्षणिक लापरवाही पर मंगलवार को गाज गिरी। बीडीओ राकेश सहाय द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल की जो तस्वीर सामने आई, उसे देखकर वे दंग रह गए और उन्होंने जमकर क्लास लगाई।
*मैदान में छात्र,कुर्सियों पर गुरुजी बीडीओ ने जताई नाराजगी*
निरीक्षण के समय स्कूल के अनुशासन की धज्जियां उड़ती दिखीं। एक तरफ छात्र पढ़ाई छोड़ स्कूल परिसर में खेलकूद में मशगूल थे, तो दूसरी तरफ शिक्षक धूप सेंकते हुए कुर्सियों पर बैठकर आराम से कॉपियां जांच रहे थे। क्लासरूम खाली देख बीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल प्रभारी प्रधानाध्यापक निरंजन साहू सहित अन्य शिक्षकों को तलब किया और कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, इसे पिकनिक स्पॉट न बनाएं।
*पेयजल संकट पर भी हुई चर्चा*
बीडीओ ने केवल अनुशासन ही नहीं, बल्कि मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। स्कूल में व्याप्त पेयजल की समस्या को लेकर उन्होंने छात्रों और प्रबंधन से बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी की किल्लत को दूर करने के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे ताकि बच्चों को परेशानी न हो।
*सुधर जाएं, वरना होगी कार्रवाई*
बीडीओ राकेश सहाय ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि शैक्षणिक व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि पढ़ाई के घंटों में शिक्षक केवल कक्षा में रहें और छात्रों की उपस्थिति के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें। इस अचानक हुई छापेमारी से पूरे क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है।
