साकेत मिश्रा की रिर्पोट
(गढ़वा)कांडी थाना क्षेत्र के ग्राम कांडी में सोमवार की रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है।
स्थानीय निवासी अजय कुमार सोनी की ज्वेलरी दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।बताया जा रहा है कि चोरों ने देर रात दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर दुकान पर पड़ी तो घटना की जानकारी दुकानदार को दी गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में खबर आग की तरह फैल गई।सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, चोरों ने करीब 2 किलोग्राम चांदी के गहने और लगभग 80 ग्राम सोने के आभूषण चोरी किए हैं।गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में कांडी क्षेत्र में इस तरह की यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है। इससे पहले भी सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम द्वारा सभी दुकानदारों के साथ बैठक कर दुकानों में सीसीटीवी कैमरा और आसपास हैलोजन लाइट लगाने की सलाह दी गई थी। हालांकि, कुछ दुकानदारों ने इस पर अमल किया, जबकि कई ने इसे नजरअंदाज किया।इस घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में चिंता और डर का माहौल है। पीड़िता द्वारा इस मामले को लेकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित आवेदन के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
