गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
एसआईआर को लेकर होमवर्क
एसडीएम ने की बीडीओ, सीओ और सुपरवाइजर्स के साथ समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
गढ़वा। सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 80-गढ़वा विधानसभा संजय कुमार ने अनुमंडल कार्यालय सभागार में सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (प्रखंड विकास पदाधिकारी/ अंचल अधिकारी), बीएलओ सुपरवाइजरों तथा निर्वाचन से जुड़े कर्मियों के साथ बैठक कर आगामी सघन मतदाता पुनरीक्षण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में एसडीएम ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पूर्ण रूप से तैयार रहें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में हाउस नंबरिंग, परिवार के मुखिया की सूची तैयार करने तथा प्रत्येक परिवार के वयस्क सदस्यों का विवरण संकलित करने का कार्य कर रहे हैं। साथ ही प्रत्येक घर पर स्टीकर चिपकाने का कार्य भी किया जा रहा है, इस पर सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर पर नजर रखें।
बैठक में एसडीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सुपरवाइजर मैपिंग किए हुए डाटा की एक बार पुनः समग्र समीक्षा सुनिश्चित की जाए। अन्य प्रांतों से आई नवविवाहिता महिलाओं की मैपिंग, उनके माता-पिता के डाटा के आधार पर भी सुनिश्चित की जाए। धुंधली या अस्पष्ट फोटो वाले मतदाता पहचान पत्रों में फोटो अद्यतन कराने की कार्रवाई की जाए।
सभी बीएलओ सुपरवाइजर अपने-अपने बीएलओ को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें।
सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड स्तर पर नियमित समीक्षा करते रहें।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। मतदाता सूची के सघन पुनरीक्षण कार्य के पूर्व आवश्यक सभी तैयारियों को पूर्ण पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए।
इस दौरान गढ़वा प्रखंड विकास पदाधिकारी, गढ़वा अंचल अधिकारी, मेराल प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, रंका प्रखंड विकास पदाधिकारी, चिनिया प्रखंड विकास पदाधिकारी, रमकंडा प्रखंड विकास पदाधिकारी के अतिरिक्त सभी लगभग 40 बीएलओ सुपरवाइजर और कार्यालय कर्मी मौजूद थे।
